सिंगरामऊ। थाना क्षेत्र के बछुआर गांव में स्थित वाटर पार्क के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सोमवार की रात सड़क पार कर रहे एक दर्शनार्थी मोतीराम (75) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मोतीराम बलरामपुर जिले के निवासी थे।
प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि अयोध्या से दर्शन कर श्री काशी विश्वनाथ का वाराणसी दर्शन करने जा रहे दर्शनार्थियों की प्राइवेट बस वाटर पार्क के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुकी। सभी दर्शनार्थी रात में विश्राम कर रहे थे। मंगलवार की भोर में तीन बजे दर्शनार्थियों में शामिल बलरामपुर जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के सुग्गा नगर निवासी मोतीराम (75) लघुशंका के लिए हाईवे पार करने लगे। वे लखनऊ-वाराणसी लेन पर पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बाकी दर्शनार्थी वाराणसी के लिए रवाना हो गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन व उसके चालक की तलाश की जा रही है।