सिंगरामऊ। क्षेत्र के तुरकौली गांव स्थित एक तालाब में गाय को नहलाने गए एक किशोर की डूबने से शनिवार को मौत हो गई। गांव निवासी अश्मित शर्मा उर्फ डेविड (13) पुत्र कन्हैया लाल शर्मा घर से 50 मीटर दूर नहर के किनारे स्थित तालाब में गाय को नहलाने गया था। पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख उसके साथ गए अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। लोगों ने किशोर को बचाने के लिए तत्काल तालाब में छलांग लगाई। उसे बाहर निकालकर पीएचसी सिंगरामऊ ले गए। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत सीएचसी बदलापुर रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि मामले की जानकारी है। हमें देर में सूचना मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घर जा रहा हूं कह कर पाही से निकला था अस्मित -सिंगरामऊ। अस्मित के पिता कन्हैया लाल शर्मा सिंगरामऊ बाजार में हेयर कटिंग सैलून की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि हम अपना परिवार लेकर घर से कुछ दूर पाही पर रहते हैं। इनकी चार संतानों में (दो बेटी दो बेटों) में अस्मित तीसरे नंबर का बड़ा बेटा था। पिता ने बताया कि वह बहुत ही होनहार और पढ़ाई में अव्वल था। उसका स्वभाव चारों बच्चों में सबसे बेहतर था। अस्मित जल्दी घर नहीं जाता था, लेकिन शनिवार को सुबह 9 बजे अचानक मुझसे 10 रुपये मांग कर बिस्कुट खरीदा और दूध के साथ खाकर बोला कि मैं घर जा रहा हूं, अभी आऊंगा। दुर्भाग्य देखिए उसके लौटने की जगह उसकी मौत की खबर आई।