केराकत। गोमतेश्वर महादेव मंदिर से दर्शन करके घर लौट रहे मिठाई कारोबारी बृजेश यादव (40) को सिहौली चौराहे पर तेज रफ्तार पिकअप ने धक्का मार दिया। इससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित भाग गया। लुत्तीपुर गांव निवासी बृजेश यादव मंगलवार की रात बाइक से सिहौली स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन गए थे। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। बृजेश यादव की सरायबीरू चौराहे के पास मिठाई की दुकान थी। वे इसी दुकान की कमाई से परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। पति के मौत की सूचना मिलने के बाद पत्नी बबिता बेसुध हो गई है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। बृजेश पांच भाईयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता पिछले पांच साल से बीमार हैं। प्रभारी निरीक्षण अरविंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। भागे पिकअप चालक और वाहन की तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।