बदलापुर के खैरपारा व नारायनपुर के बीच लखिया नाले पर बॉक्स कलवर्ट निर्माण के लिए भूमि पूजन करते
बदलापुर। क्षेत्र के नारायणपुर व खैरपारा के मध्य लखिया नाले पर एक करोड़ 61 लाख की लागत से पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। इसके बन जाने से जहां 10 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
विधायक रमेश मिश्रा ने बताया कि इस नाले पर सुगम आवागमन लिए लंबे समय से पहुंच मार्ग की मांग लोगों द्वारा की जा रही थी। लोगों को आठ से 10 किलोमीटर तक चक्कर काटना पड़ता था। जिससे समय और धन दोनों बर्बाद होता था। इसके मद्देनजर कार्य योजना बनाकर शासन स्तर पर भेजी गई थी, जिसकी स्वीकृति मिल गई है। इसके निर्माण में कुल एक करोड़ 61 लाख खर्च किया जाएगा, बजट भी आवंटित कर दिया गया।
इससे 10 गांवों के आठ हजार आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं बरसात में तेजीबाजार व बदलापुर जाने के लिए लोगों को आठ से दस किमी दूरी कम तय करनी पड़ेगी। इसके पूर्व विधायक ने गांव में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर आशीष सिंह, बलबीर गौड़, संजय सिंह, धनंजय यादव, बिपिन चतुर्वेदी, सुनीता यादव, आजाद यादव आदि उपस्थित रहे। संवाद