बदलापुर। प्रयागराज की ओर जाने वाली एजी रोड से निकलकर सराय त्रिलोकी होते हुए तेजीबाजार मार्ग का चौड़ीकरण होगा। इसमें 21 करोड़ 54 लाख खर्च किए जाएंगे। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। बजट जारी होने पर काम शुरू होगा। एजी रोड से सराय त्रिलोकी होते हुए तेजीबाजार तक की सड़क एक साल बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय सड़क पर कीचड़ व गड्ढे में पानी भरने के कारण हादसों का डर बना रहता है। इसको देखते हुए बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा के प्रस्ताव पर पीडब्ल्यूडी की ओर से प्रस्ताव शासन स्तर पर भेज दिया गया है। 11 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में 21 करोड़ 54 लाख खर्च होगा। सड़क बनने के बाद 25 से ज्यादा गांव सीधे तहसील से जुड़ जाएंगे। तेजीबाजार व मछलीशहर जाने के लिए सबसे सटीक मार्ग होगा।
विज्ञापन
साढ़े पांच मीटर चौड़ी होगी सड़क
एजी रोड से सराय त्रिलोकी होते हुए तेजीबाजार तक सड़क साढ़े पांच मीटर चौड़ी होगी। इससे दो वाहन एक साथ आराम से आ-जा सकते हैं। सड़क मरम्मत होने के बाद सराय त्रिलोकी, नारायणपुर, मयंदीपुर, बेदौली, मितावा, दानूपुर, अटरा आदि गावों के लोगों को सहूलियत मिलेगी। तेजीबाजार व मछलीशहर पहुंचने के लिए मार्ग सीधा होगा।