जौनपुर। तेजीबाजार पुलिस ने शुक्रवार की भोर में लगभग चार बजे मखदूमपुर तिराहे के पास मुठभेड़ में पशु तस्कर छोटू निवासी रेवसा अलीनगर चंदौली को गिरफ्तार किया है। घायल तस्कर के पैर में गोली लगी है। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तेजीबाजार थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि शुक्रवार की रात में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप में मवेशी लादकर तस्कर हैदरपुर से जौनपुर जा रहे थे। कुछ देर बाद बिना नंबर की सफेद पिकअप और उसके पीछे बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो पिकअप चालक ने वाहन को पूरामोहब्बत के पास मखदूमपुर की ओर मोड़ दिया। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई। पुलिस के नजदीक पहुंचने पर बाइक पर पीछे बैठे आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। तीनों आरोपियों पर तेजीबाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी पर चंदौली और सैयदराजा थाने में भी पशु तस्करी और आर्म्स एक्ट के मामले में प्राथमिकी दर्ज है।
विज्ञापन
पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी है। वहीं, भागे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।