भैंस चराने निकले धर्मराज के नदी में डूबने की सूचना पर जुटी भीड़।
- फोटो : संवाद
मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के सोनहरा कल्याणपुर गांव निवासी धर्मराज उर्फ धरमू (60) पुत्र मोतीलाल मंगलवार को घर से भैंस चराने गए थे। नदी के किनारे उसका चप्पल मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि वे नदी में डूब गए होंगे। गोताखोर तलाश में जुटे हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मंगलवार की शाम धर्मराज के लापता होने की सूचना मिली तो उपनिरीक्षक शान मोहम्मद पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। नदी के किनारे ग्रामीणों के साथ पहुंचकर खोजबीन शुरू कर दी। धर्मराज का चप्पल नदी के तट पर मिला। उन्होंने धर्मराज के नदी में डूबने की आशंका जताई। प्रभारी निरीक्षक विनीत ने बताया कि तहसीलदार राजीव रंजन कश्यप और विवेक श्रीवास्तव अग्निशमन दल के सदस्यों के साथ नदी में बांस के सहारे खोजबीन कर रहे हैं। बुधवार को भी उनका पता नहीं चल पाया। पुलिस टीम, राजस्व विभाग व अग्निशमन दल गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कर रही है।