स्वतंत्र तस्वीरः मड़ियाहूं नगर के गोलाबाजार में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे चंदन सेठ की आभूषण की
मड़ियाहूं। नगर के गोला बाजार स्थित आरती ज्वेलर्स के ऊपर बने आवासीय हिस्से में शनिवार की शाम एसी का कंप्रेसर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते प्रथम तल धुएं और लपटों से घिर गया। घटना के समय घर में मौजूद सभी परिजन सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
गोला बाजार निवासी कुंदन सेठ ने बताया कि नीचे आरती ज्वेलर्स के नाम से दुकान है, जबकि प्रथम तल पर उनका परिवार रहता है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अचानक एसी का कंप्रेसर फट गया, जिससे आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्रथम तल पर रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा अन्य कीमती वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित कराया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब दो घंटे बाद रात 8:27 बजे मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ऊपरी मंजिल पर रखा अधिकांश सामान जल चुका था। घटना में हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।