होटल के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग के बाद बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
जौनपुर। नगर के व्यस्ततम वाजिदपुर तिराहे पर स्थित एक चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर में बृहस्पतिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें और काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे तीसरी मंजिल पर स्थित जिम में मौजूद लोग फंस गए। सुबह करीब आठ बजे लगी इस आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन बड़ी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने होटल के भीतर फंसे कर्मचारियों और तीसरी मंजिल पर जिम कर रही महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि ग्राउंड फ्लोर के गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा एक बड़ा विस्फोट हो सकता था। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि आग होटल के ग्राउंड फ्लोर पर रखे कार्टून, कबाड़ और कूड़े में लगी थी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की सतर्कता के कारण जान-माल का बड़ा नुकसान होने से टल गया। हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसकी जांच की जा रही है। धुएं के कारण आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।