थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाजार में निर्माणाधीन दो मंजिला मकान की शटरिंग करते समय छत से गिरे राजगीर की मौत हो गई। वह शुक्रवार को गिर गए थे और रविवार की रात उपचार के दौरान वाराणसी में दम तोड़ दिया। नाऊपुर गांव निवासी गौरव उर्फ मोनू (30) राजगीर का काम करते थे। शुक्रवार दोपहर वह थानागद्दी बाजार स्थित गोपाल गिरी के निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में शटरिंग कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर गए। सिर में चोट आई थी। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान रविवार देर रात उनकी मौत हो गई। मौत के बाद वाराणसी की लंका थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक गौरव का विवाह तीन वर्ष पूर्व प्रीति से हुआ था। उसकी एक बेटी है। गौरव के पिता का भी कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। सोमवार को शव गांव में पहुंचते ही परिवार में कोहराम मचा गया। देर शाम गोमती नदी के केराकत घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उसके बड़े भाई अच्छे ने दी। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। तहरीर नहीं मिली है।