सिरकोनी। जलालपुर थाना क्षेत्र के शेखआलमपुर नवाबाद गांव में मंगलवार की रात में शशिबाला (24) का शव कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर बुधवार की भोर में मायके वाले भी पहुंचे। उस समय तक डायल 112 पुलिस भी पहुंच चुकी थी। मायके वालों और पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। शशिबाला के पिता ने पति दुर्गेश, सास-ससुर, ननद और कुछ रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कादीपुर निवासी मृतका के पिता लक्ष्मीनारायण का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दुर्गेश, सास-ससुर और ननद सहित ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग कर रहे थे। वे शशिबाला को जान से मारने की धमकी भी देते थे। करीब दस दिन पहले दामाद दुर्गेश कुछ लोगों के साथ ससुराल आया था। बुलेट दिलाने की मांग की थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने बुधवार की भोर करीब तीन बजे फोन कर उन्हें घर बुलाया। वहां पहुंचने पर उन्होंने बेटी का शव कमरे में पंखे से लटका देखा।