चाकू से घायल बांकी निवासी विनीत मिश्र। संवाद
- फोटो : udhampur news
सिकरारा थाना क्षेत्र के बांकी गांव में रविवार देर रात दावत से लौट रहे व्यक्ति पर गांव के ही एक युवक ने चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया।
गंभीर स्थिति में चिकित्सकों ने घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
बांकी गांव निवासी विनीत मिश्रा उर्फ अक्षय गुरु (48) रविवार रात लगभग साढ़े नौ बजे गांव के एक व्यक्ति के घर दावत खा कर बाइक से लौट रहे थे। वह गांव के एक मोड़ पर पहुंचे थे कि पहले से ही घात लगाकर बैठे युवक ने उन्हें हाथ देकर रुकने को कहा।
परिचित देख कर वह रुक गए। आरोप है कि रुकते ही विनीत पर चाकू से अंधाधुंध वार कर दिया जिससे विनीत के पेट गले हाथ सहित शरीर कई जगह घाव हो गए। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे तो हमलावर फरार हो गया।
लोगों की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले गए। जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि घायल के भाई विनय कुमार मिश्र की तहरीर पर गांव के ही चारुदत्त सिंह के खिलाफ जानलेवा हमले से संबंधित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है।