मीरगंज। स्थानीय थानाक्षेत्र के भटहर (चकिया) गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार मुंबई में रहता था। जब घर वापस लौटा, तो सारा सामान बिखरा देख दंग रह गया। पीड़ित बंशीधर तिवारी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। गांव में स्थित उनके नए मकान की देखरेख उनके छोटे भाई शिवधर तिवारी करते थे। गत 11 अप्रैल को उनके भाई एक कार्यक्रम में गए थे, घर पर कोई नहीं था। जब बंशीधर तिवारी अपनी पत्नी के साथ मुंबई से वापस सोमवार को चकिया स्थित अपने घर पहुंचे, तो देखा कि घर की पीछे की खिड़की और सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। पीड़ित के अनुसार, चोरों ने करीब 4 से 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी और नए जेवरात, महंगी रेशमी साड़ियां, तांबे और पीतल के कीमती बर्तन पर हाथ साफ किया है। घटना की सूचना देने पर 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित के प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है, जल्दी ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।