महाराजगंज थाना क्षेत्र के झोरीपुर गांव के सिवान में शुक्रवार को खेत में घास काटने गई एक वृद्धा की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि झोरीपुर गांव निवासी इंदू देवी (62) परिवार के साथ खेती का कार्य करती थीं। वह शुक्रवार को घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित धान के खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान तेज गरज और चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच बिजली गिरने से वह झुलस गईं और खेत में ही अचेत होकर गिर पड़ीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे। वहां इंदू देवी अचेत अवस्था में मिलीं। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संवाद