नगर के ओलंदगंज में फूल-मालाओं की खरीदारी करते लोग। संवाद
जौनपुर। दीपावली पर फूलों की मांग ज्यादा रही। धनतेरस के दिन से ही फूल और माला के दाम आसमान छूने लग गए। दीपावली के दिन सोमवार को छोटे गेंदे के फूल की माला की कीमत 50 से 70 रुपये और बड़े माला की कीमत 100 रुपये तक पहुंच गई। गेंदा के फूलों की खपत सबसे ज्यादा रही।
दीपावली के त्योहार पर लक्ष्मी-गणेश की पूजा के लिए जहां 108 पंखुड़ी वाले कमल के फूल की ज्यादा मांग रही तो घर व प्रतिष्ठान सजाने के लिए लोग गेंदे के फूल की माला का ज्यादा उपयोग करते दिखे। उधर, फूलों का उत्पादन कम होने के कारण दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई के बाद भी बाजार में खरीदारों की भीड़ लगी रही। नवरात्र के बाद हुई दो दिन की बारिश के चलते फूलों की खेती बर्बाद हो गई थी। काफी संख्या में फूल गिर गए। इसके चलते उत्पादन प्रभावित हो गया है। उधर, धनतेरस, दीपावली, छठ आदि पर्व पर इसकी भारी मांग और कम उत्पादन होने से दाम आसमान छूने लगे हैं। ओलंदगंज स्थित फूल व्यापारी चिंटू माली ने बताया कि बड़े गेंदे के फूल की माला फुटकर में 100 रुपये और छोटी माला 50 से 70 रुपये में बिक रही है। पर्व पर सबसे ज्यादा मांग कमल के फूल की है। कोलकाता से आने वाली 108 पंखुड़ी के कमल की एक फूल 30 से 50 रुपये और स्थानीय तालाबों के कमल के फूल 10 से 30 रुपये तक में बिक रहे हैं। ग्राहकों की मांग पर कोलकाता व वाराणसी से फूल मंगाए गए हैं।