दो अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार की देर रात आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। एक गाय और बछड़े की झुलसने से मौत हो गई। एक गाय और एक बछड़ा गंभीर रूप से झुलस गया। आग लगने की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
सिकरारा थाना क्षेत्र के सादात बिंदुली नवाबाद गांव निवासी महंगू निषाद के मड़हे में बुधवार की रात करीब ढाई बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से मड़हों में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की खबर फैलते ही गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।
महंगू निषाद ने बताया कि उनके दो मड़हे हैं एक में वह गाय और बछड़ा बंधे हुए थे और दूसरे में टेंट का सामान था। आग लगने से टेंट की 40 मैटी, जनरेटर, वाटर प्रूफ टेंट, कपड़ा, राड, चोक, सीएफफल, साइकिल, सिंचाई के लिए रखी गई30 किलो पाइप सहित घरेलू उपयोग की वस्तुएं जलकर राख हो गई। दूसरे में मड़हे में बंधी गाय और बछवा गंभीर रूप से झुलस गए। बताया कि अग लगी में करीब दो लाख का सामान जल गया है। उधर, मड़ियाहूं कोतवाली के राजापुर द्वितीय निवासी डा. चंद्रशेखर पांडेय की पशुशाला में अलाव से लगी आग से एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई।