सुइथाकलां। बी-पैक्स सरायमोहिउद्दीनपुर सहकारी समिति पर बृहस्पतिवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की निगरानी में खाद का वितरण कराया गया। एक बोरी खाद पाने के लिए किसानों को दिनभर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान समिति में माहौल बना रहा। सीमित स्टॉक के कारण कुछ किसानों को ही खाद मिल सकी, जबकि बड़ी संख्या में किसानों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि समिति से प्रति किसान केवल एक बोरी डीएपी दी जा रही है, जबकि बोआई के लिए उनकी जरूरत इससे कहीं अधिक है। समय पर पर्याप्त खाद नहीं मिलने से खेती और बोआई का काम प्रभावित हो रहा है। सहकारी समिति के सचिव अवधेश चंद्र पांडेय ने बताया कि समिति पर 250 बोरी डीएपी आई थी। नियमानुसार किसानों का अंगूठा लगवाकर खाद वितरित की जा रही है। 500 बोरी की अतिरिक्त मांग भेजी गई है। नई रैक आते ही शेष किसानों को भी खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।