बदलापुर। बदलापुर, सुजानगंज व महाराजगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात पीली नदी के पास दुगौलीखुर्द मोड़ पर हुई मुठभेड़ में
25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के दाहिने पैर मेें गोली लगी है। उसका एक साथ भागने में कामयाब हो गया।
बदमाश का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया। उसके पास से एक बाइक, तमंचा, तीन कारतूस व मछलीशहर लूट की सात सौ नकदी व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार अपराधी लालचंद गौतम निवासी ग्राम पूराबलई थाना बदलापुर पर प्रयागराज के कोतवाली फूलपुर, प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा, जौनपुर के बक्शा, मछलीशहर, बदलापुर, सिंगरामऊ, सुजानगंज में हत्या के प्रयास, लूट चोरी, मारपीट, छिनैती व जालसाजी के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने बताया कि वह थानाध्यक्ष सिंगरामऊ कमलेश कन्नौजिया, थानाध्यक्ष सुजानगंज सैयद हुसैन मुंतर के साथ अपराध पर रोकथाम के लिए बातचीत कर रहे थे। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस की तीन टीम पीली नदी के पुल के पास पहुंचकर घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद खुटहन की तरफ से एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया किंतु बाइक सवार अपनी बाइक दुगौलीखुर्द की तरफ जाने वाले पक्की सड़क पर मोड़ कर तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। वह लहूलुहान हो कर वह वहीं गिर गया। पुलिस ने घायल बदमाश को लालचंद गौतम को पकड़ लिया जबकि दूसरा बदमाश सचिन चौहान निवासी महुली मरगूपुर आसपुर देवसरा प्रतापगढ़ अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। पकड़े गए बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित है।