सुइथाकलां। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर गांव (मुसहर बस्ती) में विषैले जीव के काटने से पति-पत्नी की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया, पूरा गांव शोकाकुल है।
पुलिस के अनुसार शनिवार की रात पट्टीनरेंद्रपुर गांव निवासी दिनेश (50) और उसकी पत्नी सोना (47) को सोते समय किसी विषधर ने डस लिया। रात में परिवार वाले इलाज के लिए सोच-विचार कर रहे थे कि सोना ने दम तोड़ दिया। परिवार वाले आनन-फानन में दिनेश को उपचार के लिए पटैला ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे अन्यत्र रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे लेकर बदलापुर जा रहे थे कि रास्ते में दिनेश की मौत हो गई। एक साथ हुई दो मौत से परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक दंपती की तीन संतानें हैं। बड़ी बेटी प्रीति की शादी हो चुकी है जबकि एक बेटी गुड़िया व बेटा प्रियांशु की शादी नहीं हुई है। दिनेश बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मेहनत मज़दूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। दंपति की मौत से बच्चे अनाथ हो गए, बेटा प्रियांशु के पैर का इलाज और बेटी गुड़िया की शादी और भरण पोषण कैसे होगा। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लिए। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि शव को लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।