पवारा क्षेत्र में पकड़ी गई मतदाताओं में बांटने के लिए रखी घड़ी।
चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर पवारा थाना क्षेत्र के सरायबीका गांव में दीवाल घड़ी बांटने की सूचना पर पहुंचे उड़ाका दल ने एक मकान में छापेमारी कर 70 दीवाल घड़ी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
घड़ी में कांग्रेस के एक नेता की तस्वीर और पार्टी का निशान छपा है। जिस नेता की तस्वीर लगी है उन्हें मुंगराबादशाहपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस का संभावित प्रत्याशी माना जा रहा है। पुलिस ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सरायबीका गांव में आचार संहिता का उल्लंघन कर एक समर्थक द्वारा घड़ी बांटने की शिकायत पर चुनाव के लिए बनाए गए उड़न दस्ते के प्रभारी डा. चंद्रभान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। गांव निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता विद्याशंकर दूबे के घर से 70 दीवाल घड़िया पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पवारा थाने में लिखा पढ़ी के बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। बरामद घड़ी पर मुंगराबादशाहपुर विधान सभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता अजय शंकर दूबे की फोटो और कांग्रेस का चुनाव चिह्न हाथ का पंजा छपा था।
आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी होते ही ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार, सीओ हितेन्द्र कृष्ण, तहसीलदार रामजीत मौर्य मौके पर पहुंच गए और मामले की तहकीकात की और संबंधित के खिलाफ केस दर्ज करने निर्देश दिया।
पुलिस ने संबंधित के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाद में आरोपी को मुचलके पर छोड़ दिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सरायबीका गांव में कांग्रेस के एक संभावित प्रत्याशी अजय शंकर दुबे की फोटो और कांग्रेस के निशान वाली घड़ी बांटने की सूचना पर टीम पहुंची, जांच में सूचना सही पाई गई। संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।