मिट्टी लदे ट्रैक्टर से कुचलकर बालक की मौत
मड़ियाहूं । कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मदेवा गांव में सोमवार की दोपहर में मिट्टी लदे ट्रैक्टर से दबकर एक बालक की मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज पुलिस जांच कर रही है।
ब्रह्मदेवा गांव में बगल गांव सपही की ट्रैक्टर ट्रॉली मिट्टी पाट रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने विकास उर्फ लाला यादव के 10 वर्षीय पुत्र राज यादव से गुटखा मंगाया। बालक गुटखा लेकर ट्रैक्टर के पास पहुंचा तो चालक ट्रैक्टर रोके बिना लापरवाही पूर्वक गुटखा लेने लगा। इसी दौरान बालक असंतुलित होकर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। चालक मौके से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर व मिट्टी लदी ट्राली को कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। ग्राम प्रधान सुधीर सिंह छोटे के काफी समझाने बुझाने के बाद परिजनों ने शव को पुलिस को सौंपा। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माता प्रमिला व दादी मालती का रो-रोकर बुरा हाल है। राज यादव दो भाई व एक बहनों में सबसे बड़ा था। दूसरा भाई राजन 6 वर्ष व एक बहन तीन वर्ष की है। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
टहलने निकले युवक की वाहन के धक्के से मौत-मछलीशहर । जहांसापुर निवासी सोनू पटेल (27) सोमवार को भोर में करीब 4 बजे घर से टहलने निकले थे। श्रीनेतगंज बाजार से करीब 100 मीटर पहले जौनपुर इलाहाबाद हाईवे रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव को लेकर पोस्टमार्टम लिए भेज दिया है। चचेरे भाई मनोज कुमार पटेल की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृत युवक को पांच वर्ष की एक बेटी शिवानी पटेल है। घर के बड़े बेटे होने के कारण घर की जिम्मेदारी भी इन्हीं के ऊपर थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मामले में चचेरे भाई मनोज कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर पलटा, किसान की मौत-मडियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के पट्टी गांव में खेत की जुताई करते समय सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे ट्रैक्टर पलटने से ट्रैक्टर चला रहे किसान की दबकर मौत हो गई। पट्टी गांव निवासी उदयराज चौबे (70) अपने ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई कर रहे थे। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पहुंचकर ट्रैक्टर हटाकर उसके शव को बाहर निकाला। मौत की सूचना पर पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर लेखपाल संतोष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। किसी ने तहरीर भी नहीं दिया है।
पानी पीने के लिए रुके युवक को कार ने टक्कर मारी, मौत
सुइथाकलां। सरपतहां थाना क्षेत्र के लौंदा निवासी युवक की सड़क हादसे में रविवार की देर रात दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपने मित्र के साथ मनगढ़ धाम से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहा था।
आदित्य सिंह(20) लाल बहादुर सोनी के साथ बाइक से मनगढ़ धाम दर्शन करने गया था। रात करीब 10 बजे दोनों घर लौट रहे थे। प्रतापगढ़ जनपद के मोहनगंज के पास सड़क के किनारे हैंडपंप देखकर दोनों पानी पीने के लिए रूके, इस दौरान तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में आदित्य की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि लालबहादुर सोनी घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक दो भाई थे, बड़ा भाई दिव्यांग था, जिसकी दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।