बदलापुर नगर पंचायत सभागार में बजट की बैठक में प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान उपस्थित विधायक रमेश
बदलापुर (जौनपुर)। नगर पंचायत सभागार में सोमवार को अध्यक्ष सीमा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 39 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में विकास कार्यों के साथ-साथ नगर की पहचान को महापुरुषों के सम्मान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। नगर की सीमाओं पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जिनका नामकरण महाराणा प्रताप, भगवान परशुराम, सम्राट अशोक और एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर होगा। इसके अलावा इंदिरा चौक से जुड़ने वाली चारों सड़कों का नाम बदलकर सल्तनत बहादुर, महाराणा प्रताप, परशुराम और अंबेडकर मार्ग रखने पर सहमति बनी। बैठक में मौजूद क्षेत्रीय विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि सरकार जनता को हर सुविधा मुहैया कराने के लिए कृतसंकल्पित है और प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। अध्यक्ष सीमा सिंह ने कस्बे के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया। इस दौरान ईओ अलका मौर्य सहित सभी सभासद और अन्य लोग उपस्थित रहे।