करंजाकला। हरबसपुर गांव के नीरज उर्फ गुल्लू (23) की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। सिर कूंचा हुआ शव शहर से मल्हनी जाने वाले रास्ते पर रामपुर डेहरी गांव के पास शुक्रवार सुबह पाया गया। युवक शहर में रिक्शा चलाता था। संभावना है कि बृहस्पतिवार देर शाम घर जाते वक्त उसकी हत्या की गई। घटनास्थल पर ही उसका रिक्शा पाया गया। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है।
हरबसपुर निवासी नीरज उर्फ गुल्लू दलित (35) शहर में रिक्शा चलाता था। वह बृहस्पतिवार की शाम रिक्शा लेकर शहर आया था। शाम को वह घर के लिए निकला था। शहर से कुछ दूर आगे सरायख्वाजा थाने के रामपुर डेहरी गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने उसकी सिर कूंचकर हत्या कर दी। सुबह नीरज का सड़क किनारे शव पाया गया। शव के पास ही उसका रिक्शा तथा शराब की दो खाली बोतलें पड़ी थी। शव की जानकारी होने पर हल्ला मच गया। आसपास के लोग जुटे तो उसकी पहचान हो सकी। मौके पर पहुंचे गुल्लू के चाचा महेंद्र ने बताया कि शाम को जब नीरज घर नहीं आया तो खोजबीन की गई थी। हम लोगों ने सोचा कि हो सकता है कि रात में शहर में ही रुक गया हो। उधर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। महेंद्र ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। महेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सेवक राम, उनके बेटे हौसिला, मुन्ना तथा सन्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी पकड़ से बाहर हैं। थाने पर सीओ प्रभाकर चौधरी ने घटना के बारे में परिजनों से जानकारी ली। भरोसा दिलाया कि हत्यारोपी जल्द से जल्द पकड़े जाएंगे।