नेवढ़िया। इटाएं बाजार में भरत मिलाप कमेटी के प्रबंधक की पिटाई के विरोध में शनिवार को लोग सड़क पर आ गए। गुस्साए लोगों ने पिंडरा-मड़ियाहूं मार्ग जाम कर सिपाही को निलंबित करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे थानेदार ने समझाने की काफी कोशिश की लेकिन को एक भी सुनने को तैयार नहीं थे। कुछ देर बाद पहुंचे सीओ रंजन कुमार ने भरोसा दिलाया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
बाजार में महान भरत मिलाप कमेटी की ओर से शुक्रवार रात में भरत मिलाप कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शनिवार की भोर में पंडाल पर डीजे बज रहा था। इसी दौरान सिपाही पहुंचकर डीजे बंद करने को कहा। कुछ देर तक बात भी हुई। आरोप है कि सिपाही ने कमेटी के प्रबंधक राकेश यादव की पिटाई कर दी। लोगों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की लेकिन पुलिसिया रौब के चलते किसी की हिम्मत नहीं पड़ी। घटना की जानकारी होने के बाद बाजारवासियों के अलावा क्षेत्र के काफी संख्या में लोग जुट गए। सुबह छह बजे रोड के बीचोबीच ट्रैक्टर खड़ा कर रास्ता जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी होने पर थानेदार अरविंद कुमार यादव भी पहुंच गए। एसओ ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। लोग अपनी मांग पर अडे़ हुए थे। सीओ ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद लोगाें ने जाम खत्म किया।