मछलीशहर (जौनपुर)। भदोही से आई एसओजी टीम ने पंवारा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव से छह अंतरप्रांतीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक टवेरा और तीन बाइक बरामद हुई है। वाहन चोर गिरोह के एक सदस्य के भदोही में पकड़े जाने पर पुलिस यहां तक पहुंची।
इस माह प्रतापगढ़ जिले से एक टवेरा और भदोही से ट्रैक्टर चोरी हुए थे। कुछ दिन पहले ट्रैक्टर चोर को भदोही पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका फोन सर्विलांस पर लगा दिया था। शनिवार को पंवारा के कुंवरपुर गांव में लोकेशन मिलने पर एसओजी टीम ने गांव में नहर के पास दबिश देकर टवेरा की सौदेबाजी करते दो लोगों को रंगेहाथों पकड़ लिया। टवेरा के पास तीन बाइक पर सवार चार लोग एसओजी टीम को देख कर खेत की तरफ भागने लगे। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने चारो चोरों को पकड़ लिया। आधा दर्जन वाहन चोरों के साथ एसओजी टीम टवेरा और तीनों बाइक साथ ले गई। टीम ने मौके पर बस इतना ही बताया कि पकड़े गए वाहन चोर अन्तरप्रांतीय गिरोह में शामिल हैं। यह भी कहा कि क्षेत्र में नकली नोटों का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है।