जौनपुर। डीएम डा. बलकार सिंह ने शुक्रवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। मतगणना तैयारियां तथा कंट्रोल रूम में लगाए गए इंतजाम देखे। मतगणना व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के आदेश दिए। अधिकारियों और मतगणना कर्मचारियों को छोड़कर कोई भी वाहन मतगणना केंद्र के 200 मीटर के परिधि में दाखिल नहीं होगा। सभी वाहन बाहर ही खड़े कराए जाएंगे। थ्री स्टेज सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
शुक्रवार दोपहर में डीएम ने चौकिया स्थित सब्जी मंडी की व्यवस्थाएं देखी। मतगणना तैयारियों में लगे उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीके उपाध्याय और एसडीएम सदर शारदा प्रसाद यादव से तैयारियों के बारे में तहकीकात की। सुरक्षा व्यवस्था तथा बैरीकेडि़ंग आयोग के निर्देशों के मुताबिक कराने के आदेश दिए। डीएम के पहुंचने से पहले मंड़ी के पैडस्टल पर टेबल कुर्सी सज चुकी थी। बैरीकेडिंग कराई जा रही थी। मतगणना हाल में बैरीकेडिंग हो चुकी थी तथा जाली लगाने का इंतजाम जारी था। डीएम ने कहा कि बैरीकेडिंग के साथ मोटी जाली लगाई जाए। जाली से किसी का हाथ नहीं जाने पाए लेकिन जाली के बाहर खड़े मतगणना एजेंट को मत पर लगी मुहर साफ-साफ दिखनी चाहिए। बैरीकेडिंग, बिजली के इंतजाम किए जा रहे थे। मतगणना केंद्र पर रोशनी के पर्याप्त इंतजाम करने के आदेश दिए। खासकर मतगणना हाल के भीतर बड़े-बड़े बल्ब लगाने को कहा। यहां ऐसी व्यवस्था की जाए कि बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होने पाए। देर रात तक मतगणना चलने की संभावनाओं के हिसाब से रोशनी के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। पार्किगिं व्यवस्था के लिए पुलिस को अलग से आदेश दिए। सुरक्षा कर्मचारियों के अलावा किसी भी व्यक्ति को हथियार लेकर जाने की आजादी नहीं होगी। मतगणना स्थल पर तीन स्तरों पर फोर्स तैनात की जाएगी। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार वर्मा, तहसीलदार डा. जगन्नाथ सिंह भी मौजूद रहे।