जफराबाद। कस्बे के दरीबा मोहल्ले में मंगलवार को जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। कस्बे के एक साइबर कैफे से दिल्ली का जाली टिकट पकड़ा दिया गया। जब यात्री सुल्तानपुर पहुंचा तो टीटीई ने जुर्माना भी वसूला और ट्रेन से भी उतार दिया।
दरीबा मोहल्ला निवासी पूर्व सभासद शीतला प्रसाद गिरि ने अपने दामाद विजय गिरि को दिल्ली जाने के लिए बाजार के एक साइबर कैफे से टिकट दिलाया था। विजय गिरि श्रमजीवी एक्सप्रेस पर सोमवार को सवार होकर रवाना हो गए। जब गाड़ी सुल्तानपुर पहुंची तो टीटीई ने चेकिंग शुरू कर दी। जांच के दौरान टिकट फर्जी पाया गया। जो सीट विजय गिरि को एलाट की गई थी उस पर पहले से ही कोई बैठा हुआ था। उसने रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से टिकट निकाला था। जाली टिकट को लेकर विजय गिरी ने ट्रेन में भी बवाल कर लिया। टीटीई से साइबर कैफे संचालक से बात कराई। टीटीई ने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट हुई तो सभी जेल जाएंगे।
इसके बाद विजय गिरि ट्रेन छोड़ वापस आ गए। मंगलवार शाम को जब साइबर कैफे संचालक पर पैसा वापस करने के लिए दबाव बनाने लगे तो उसने पैसा वापस करने से ही इनकार कर दिया। फिर कस्बे के लोगों की पंचायत बुलाई गई। पंचायत में तय हुआ कि साइबर कैफे संचालक साढ़े पांच सौ रुपये वापस दे या फिर विजय गिरि थाने में जालसाजी की एफआईआर दर्ज कराएं। इसके बाद दुकानदार ने साढ़े पांच सौ रुपये वापस कर विवाद शांत कराया।