जौनपुर। बरसठी ब्लाक के भगवानपुर गांव के कार्ड धारकों ने कोटेदार के खिलाफ मंगलवार को डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंप कर अधिक मूल्य पर मिट्टी का तेल और खाद्यान बेचने का आरोप लगाया। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों का आरोप है कि कोटेदार द्वारा मिट्टी के तेल का वितरण अप्रैल माह का नहीं किया गया। गांव निवासी रामधनी, राजेश कुमार, वंशराज वर्मा, शैलेश कुमार, चिरौजी देवी, राजेश कुमार का आरोप है कि मिट्टी के तेल का मूल्य 14 रुपये 98 पैसे निर्धारित किया गया है। जबकि कोटेदार द्वारा 17 रुपये में बिक्री किया जा रहा है। जब कार्ड धारक अधिक पैसा लेने का विरोध करते हैं तो कोटेदार अपशब्द कहकर कार्ड धारकों को भगा देते हैं। आपूर्ति निरीक्षक मौकेपर जा कर निरीक्षण किए थे लेकिन कोई हल नहीं निकला। कार्ड धारकों ने डीएम का ध्यान आकृ ष्ट करते हुए कोटेदार की जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। उधर, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव ने आरोप लगाया कि कोटेदार द्वारा अप्रैल माह का मिट्टी का तेल और खाद्यान का वितरण नहीं किया गया। एसडीएम मड़ियाहूं को ज्ञापन सौंप कर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।