शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के इसदीपुर गांव के ग्रामीणों ने बिजली विभाग के फ्रे ंचाइजी टीम को दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। जेई और एसडीओ के कहने पर टीम को मुक्त किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अब्दुल कवि गांव में आटा चक्की चलाते हैं। वह कनेक्शन भी लिए हुए हैं। गुरुवार को फ्रेंचाइजी टीम पहुंची और कनेक्शन काटने के लिए दबाव बनाने लगी। आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम के विनय सिंह, शेषनाथ, संतोष यादव सहित पांच लोगों को बंधक बना लिया। अब्दुल कवि का कहना है कि वह पिछला बिल जमा कर दिया है और नया बिल अभी आया नहीं है और फ्रेंचाइजी टीम कनेक्शन काटने के लिए दबाव बना रही थी। जबकि गांव में चार पांच आटा चक्की बिना कनेक्शन के चल रही हैं। उनका कनेक्शन नहीं काटने गए। ग्रामीणों का आरोप है कि ये फ्रेंचाइजी वाले आए दिन गांव में घुसकर जबरन वैध और अवैध सभी का कनेक्शन काटते हैं और वसूली करते हैं। इसको लेकर लोगों में भारी गुस्सा था। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली वसूली के नाम पर शोषण हुआ तो स्थिति गंभीर हो जाएगी। दरअसल बिजली वसूली प्राइवेट हाथों में दिए जाने के बाद कुछ दबंग किस्म के लोग गांव में जाकर ग्रामीणों को धमकाते हैं। इसको लेकर कई बार गांवों में बवाल हो चुका है। दबंगई दिखाने पर ही बृहस्पतिवार को गांव वालों ने बंधक बना दिया था। जानकारी होने पर जेई लक्षमण मिश्रा और एसडीओ श्याम लाल ने गांव वालों को फोन कर आश्वासन दिया कि वह खुद आएंगे और एक-एक कनेक्शन की जांच कर कार्रवाई करेंगे। इसके बाद लोग शांत हो गए और बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कर दिया।