जौनपुर। शहर के ओलंदगंज टीडी कालेज रोड पर प्रसाद होटल के कमरा नंबर 105 में युवक और युवती की लाश पाई गई। युवती का शव बेड पर पड़ा हुआ था और युवक का शव फंखे से लटक रहा था। बुधवार देर शाम भीड़भाड़ वाले इलाके में शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। युवती के बैग से टीडी कालेज एमए हिंदी प्रथम वर्ष का परिचय पत्र पाया गया है। इसमें उसका नाम बीनू प्रजापति निवासी धनियामऊ दर्ज है। युवक ने अपना पता कमरा बुक कराते वक्त गाजियाबाद का दर्ज कराया था।
प्रसाद होटल के मैनेजर मनोज सिंह ने शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि होटल के 105 नंबर कमरे में युवक और युवती की लाश दिखाई दे रही है। रात करीब आठ बजे सूचना मिलने पर कोतवाल संज नाथ तिवारी, सरायपोख्ता चौकी प्रभारी तार बाबू पहुंचे। कुछ देर बाद एएसपी सिटी जग नायक गौतम, सीओ सिटी भी पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर दाखिल हुए तो दोनों के शव पड़े पाए गए। मौके की स्थिति से ऐसा लग रहा था कि युवती की जान पहले निकली और युवक ने फांसी बाद में लगाई। संभावना यही है कि युवक ने पहले युवती को मारा फिर खुद फांसी पर झूल गया। होटल के कमरे में युवक का शव पंखे में नायलान की रस्सी से लटक रहा था तो युवती का शव बेड पर सुरक्षित पड़ा था। युवती के शरीर पर कोई चोट नहीं देखी गई। गले में कसने के भी कोई निशान भी नही पाए गए। युवती की दोनों आंखे खुली पाई गई। साफ नहीं हो पाया कि लड़की की मौत कैसे हुई है।
इसके बाद तहकीकात शुरू हुई। होटल के रजिस्टर कुछ साफ नहीं कर पा रहे थे। युवक के घोषित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश हुई लेकिन कुछ साफ नहीं हो सका। शव कब्जे में लेने के बाद तलाशी हुई तो कुछ स्थितियां साफ होती दिखी। युवक के जेब में एक परिचय पत्र पाया गया। इसमें संदीप प्रजापति निवासी धनियामऊ दर्ज था। यह गाजियाबाद की एक सिक्योरिटी सर्विस का आईडी कार्ड था। लेकिन कोतवाल ने कहा कि कोई परिचय पत्र नहीं मिला। लड़की के पास से टीडी कालेज का एमए प्रथम वर्ष हिंदी का प्रवेश पत्र पाया गया। प्रवेश पत्र पर बीनू प्रजापति पुत्री मलिक कुमार प्रजापति लिखा हुआ है। कमरे में पर्स में रखा पेंसिल बाक्स पाया गया। युवक का बैग सुरक्षित मिला। पेंसिल बाक्स से साफ है कि युवती परीक्षा देने आई थी।
होटल मैनेजर के मुताबिक एक मई को पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे संदीप कुमार के नाम से एक युवक ने कमरा बुक कराया। युवक ने अपने पिता का नाम शिव प्रसाद तथा पता 12 गऊपुरी कालोनी गाजियाबाद रजिस्टर पर दर्ज किया। संदीप ने होटल मैनेजर को यह भी बताया कि कुछ देर बाद उसकी बहन भी आएगी। युवक के कमरा सुरक्षित करा लेने के करीब आधे घंटे बाद एक युवती भी पहुंची। वह सीधे सीधे 105 नंबर कमरे में दाखिल हो गई। जैसे उसे पहले से ही बताया गया हो कि 105 नंबर में आना है। दोनों को बुधवार दोपहर में कमरा खाली करना था। शाम तक जब दोनों बाहर नहीं निकले तो तहकीकात शुरू हुई। होटल के स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद आशंकाएं गहराती गई। करीब आधे घंटे बाद खिड़की में लगे कूलर को हटाकर देखा गया तो सभी के होश उड़ गए। बेड पर टेबल पड़ा पाया गया। संभावना है कि युवक ने टेबल पर चढ़कर पंखे से फांसी लगाई। दोनों के नाम पते के बारे में मुकम्मल जानकारी देर रात तक नहीं हो पाई।