जौनपुर। वर्ष 2012 के जनगणना ऑपरेटरों के भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। चेतावनी दी कि इस संबंध में समुचित कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसैनिक बेमियादी आंदोलन शुरू करेंगे।
शिवसेना के पूर्वांचल प्रमुख गुलाब दुबे के निर्देश पर जिला प्रभारी संदीप पांडेय के नेतृत्व में शिवसैनिक मंगलवार को सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर वर्ष 2012 के जनगणना ऑपरेटरों के भुगतान की मांग की। कहा कि अगर 2012 में जनगणना करवाई गई तो 2014 तक भुगतान क्यों नहीं किया गया। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में जनगणना करवाने के लिए टेंडर लेने वाली एजेंसी के नुमाइंदों की गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि अगर सीडीओ ने हफ्ते भर के अंदर आपरेटरों का भुगतान नहीं करवाया तो शिवसैनिक आपरेटरों के साथ विधानसभा का घेराव करेंगे। जिला प्रमुख अच्छेलाल तिवारी ने पूर्व सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने जिले की जर्जर सड़कों पर भी चिंता जताई। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से हृदय नारायण मिश्र, रवि मिश्रा, राम सिंह यादव, दाऊ गौड़, वासू पांडेय, दीपेंद्र प्रताप सिंह, संतोष सिंह, हरेंद्र यादव, अनिल यादव समेत तमाम आपरेटर शिवसैनिक शामिल थे।
इनसेट
गांव की समस्याओं पर दिया डीएम को ज्ञापन
जौनपुर। शिवसेना ने रामनगर ब्लाक के तरती गांव की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की। शिवसैनिकों ने गंदगी की समस्या से संबंधित सात सूत्री ज्ञापन डीएम को देते हुए कहा कि गांव के आरसीसी रोड की नाली कचरे से पटी पड़ी है। हर घर में शौचालय नहीं है। इससे महिलाएं बाहर जाती हैं। गांव में सफाईकर्मी की तैनाती तो है, लेकिन वह कभी आता ही नहीं। चेतावनी दी कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।