जौनपुर। दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित अधिवक्ताओं की बैठक में खेतासराय थानाध्यक्ष द्वारा अधिवक्ता मो. यूसुफ को थाने में बंद कर प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए रोष जताया। संगठन के अध्यक्ष प्रेमशंकर मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने के बाद न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। संचालन संगठन के मंत्री अवधेश सिंह ने किया। उधर दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ और कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ समिति ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, राधेश्याम निषाद, सूर्यमणि पांडेय आदि मौजूद रहे।