शाहगंज। मुगलसराय-फैजाबाद पैसेंजर ट्रेन का विवाद घर तक पहुंच गया। सिपाहियों की पिटाई से नाराज युवकों ने ट्रेन में सवार मोहल्ले के युवकों की पिटाई कर दी। इन्हें अंदेशा था कि ट्रेन एस्कोर्ट के सिपाहियों से कस्बे के युवकों ने शिकायत की थी। मारपीट के बाद शाहगंज जीआरपी थाने में सुलह समझौता भी हुआ। स्टेशन से निकलने के बाद फिर मारपीट हो गई। बाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने एक पक्ष के लोगों का घर घेर लिया। पुलिस ने खदेड़ा तो जेसीज चौक पर चक्काजाम कर दिया। रात करीब 12 बजे पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मारपीट, हमला तथा बलवा का मुकदमा दर्ज कर लोगों को शांत कराया।
शाहगंज कस्बे के जेसीज चौराहा निवासी किराना व्यापारी कार्तिक और प्रदीप कारोबार के सिलसिले में बनारस गए हुए थे। भटियारी सराय निवासी उबैद, मो. समीर और मो. सादिक भी बनारस गए थे। सभी शाम को मुगलसराय फैजाबाद पैसेंजर ट्रेन से वापस हो रहे थे। कार्तिक और प्रदीप का आरोप है कि जौनपुर से ट्रेन आगे बढ़ने पर तीनों ने किसी युवती के साथ छेड़खानी कर दी। शिकायत के बाद ट्रेन में एस्कोर्ट कर रहे सिपाही ने तीनों की पिटाई कर दी थी। बात यहीं से बिगड़नी शुरू हो गई। ट्रेन शाहगंज कस्बे के पक्का पोखरा क्रासिंग के पास पहुंची तो कार्तिक और प्रदीप ने उतरने की कोशिश की। इनका आरोप है कि तीनों ने उन्हें उतरने नहीं दिया और मारा पीटा। शाहगंज स्टेशन पहुंचने पर कार्तिक और प्रदीप ने जीआरपी से शिकायत की। जीआरपी पांचों को लेकर थाने पहुंची और लिखित सुलह समझौता करा दिया। रात करीब दस बजे थाने के दो सिपाही कार्तिक और प्रदीप को लेकर रेलवे की सीमा दादर पुल तक छोड़ आए। इन दोनों का आरोप है कि दादर पुल के पास 25-30 की संख्या में मौजूद लोगों ने उन्हें मारना पीटना शुरू कर दिया। दोनों जख्मी हो गए तो लोग भाग गए। कार्तिक और प्रदीप लहूलुहान हालत में घर पहुंचे तो विवाद खड़ा हो गया। जेसीज चौक से काफी लोग लाठी डंडा के साथ भटियारी सराय मोहल्ला पहुंच गए। तब तक मारपीट के आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना पर कोतवाली से भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने यहां से खदेड़ा तो सभी जेसीज चौराहा पहुंचे और चक्काजाम कर दिया जिससे कस्बे का माहौल गर्म हो गया। कोतवाली प्रभारी राजमोहन यादव ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। रात करीब 12 बजे प्रदीप और कार्तिक की तहरीर पर पुलिस ने मो. उबैद, मुस्तकीम उर्फ नन्हें, आजम, अशरफ, मो. समीर, मो. सादिक के खिलाफ मारपीट, बलवा तथा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। रात में ही एसपी हैप्पी गुप्तन कोतवाली पहुंची और हालात का जायजा लिया।
तनाव को देखते हुए रात में ही सरपतहां और ख्रुटहन थानेदार फोर्स के साथ पहुंच गए थे। एसडीएम, सीओ आनंद कुमार भी पहुंच गए थे। शुक्रवार को भी कस्बे में फोर्स तैनात रही। सभी आरोपी घर छोड़ फरार हैं। प्रदीप और कार्तिक को राजकीय पुरुष अस्पताल में भर्ती कराया गया है।