मडि़याहूं। क्षेत्र के पाली-औरैला मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने छात्र को पीट कर लैपटॉप लूट लिया। छात्र टीडी पीजी कालेज के वितरण समारोह से लैपटॉप लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। पाली से मुड़ते ही बाइक सवारों ने उसे घेर लिया। पीटा और लैपटॉप लेकर भाग निकले। देर शाम कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी राहुल मौर्या टीडी पीजी कालेज में स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार को राहुल मौर्या को कार्यक्रम में लैपटॉप मिला था। राहुल साइकिल से घर के लिए निकला। जौनपुर-मडि़याहूं रोड पर पाली बाजार से वह अपने गांव जाने वाले रास्ते पर मुड़ा ही था कि शाम करीब चार बजे मोड़ से करीब पांच सौ मीटर दूर पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंच गए। एक युवक ने राहुल को धक्का मार दिया। राहुल साइकिल समेत गिर गया तो बदमाशों ने लैपटॉप छीन लिया। लैपटॉप लेकर बदमाश औरैला की ओर भाग निकले। राहुल ने हल्ला मचाया लेकिन निर्जन स्थान होने के नाते कोई बचाव के लिए नहीं आया। राहुल रोता हुआ पाली बाजार पहुंचा और घर वालों को सूचना दी। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंचे और कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।