जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मतदान प्रतिशत बढ़ाने और पहली बार वोटर बने युवाओं को मतदान करने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि जिले की वोटिंग प्रतिशत को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाया जाए। इसके लिए फीड बैक फार्म, हार्डकापी व ऑनलाइन दोनों तरह से भरकर लोगों की राय ली जा रही है और उन्हें मतदान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए स्कूल, कालेजों में अभिभावक, शिक्षक मीटिंग के माध्यम से मतदान करने के लिए जागरूक करते हुए शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सेल्फी स्टैंड, मैराथन, बाइक व साइकिल रैली आदि के माध्यम से भी वोटरों को जागरूक किया जाएगा। विशेष प्रयास दिव्यांग को वोटर बनाना और उन्हें वोट देने के लिए प्रेरित करते हुए समाज की मुख्य धारा से जोड़ना है, जो दिव्यांग पेंशन का लाभ ले रहे हैं, उन्हें प्रेरित किया जाएगा। सचिव एवं लेखपाल दिव्यांगों के घर जाकर उनको वोटर कार्ड देकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। दिव्यांग हेतु सभी बूथों पर ट्राई साइकिल आदि की व्यवस्था रहेगी। महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास किया जा रहा है। पहली बार वोटर बने युवाओं को मतदान करने के लिए आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिक वोटरों के लिए भी बूथ पर मतदान हेतु विशेष सुविधा की व्यवस्था की जा रही है। जिससे उन्हें असुविधा न हो। प्रत्येक बूथ पर पानी, छांव व बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने एनवीएसपी एप व वोटर हेल्पलाइन एप, टोलफ्री नंबर 1950, सी विजिल एप के बारे में जानकारी दिया। साथ ही लोगों से अपील किया कि अपने मोबाइल में खुद इंस्टॉल करें और लोगों को भी इसके बारे में जानकारी प्रदान करें। वोट करेगा जौनपुर फेसबुक एवं ट्यूटर स्वीप जौनपुर व वोट करेगा जौनपुर के माध्यम से भी जागरुक किया जा रहा है। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी गौरव वर्मा, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राम दरस यादव, डीआईओएस ब्रजेश मिश्र, बीएसए राजेंद्र सिंह, महिला सामाख्या से रजनी सिंह, स्वीप कोआर्डिनेटर सैयद मो. मुस्तफा, रमेश चंद्र यादव, डीएसओ अजय प्रताप सिंह, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य आदि उपस्थित रहे।