खुटहन। होली के त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर रविवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने टीम के साथ स्थानीय बाजार की दो मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। दोनों दुकानों पर बिक्री हेतु रखे गये खाद्य पदार्थो की जांच कराने हेतु टीम नमूना लिया। छापेमारी की खबर से सभी दुकानों के शटर बंद हो गए।
दोपहर मे अचानक टीम सबसे पहले संतलाल मिष्ठान्न भंडार पर पहुंची। जहां आवश्यक जांच पड़ताल के बाद नमूना लेकर टीम चौराहे के बगल रमेश मिष्ठान्न पर पहुंच गयी। वहां से भी नमूना इकट्ठा कर अपने पास रख लिया। इस बीच सूचना मिलते ही बाजार की दर्जन भर से अधिक दुकानों के संचालक अपने अपने शटर गिराकर मौके से फरार हो लिए। जांच अधिकारियों के वापस जाते ही सभी दुकाने फिर से खुल गयीं। जांच टीम में डॉ. पुनीता शर्मा, संतोष दूबे व राजेन्द्र कुमार शामिल रहे।
गोष्ठियों के जरिए सेहत की हिफाजत
बरईपार। बाजार में मिलावटी सामान धड़ल्ले से बिक रहे हैं और खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन गोष्ठियों में विक्रेताओं को मिलावटी सामान नहीं बेचने की नसीहत दे रहे हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह बाजार में मिलावटी और अधोमानक सामान न बिकने दें। मगर विभाग के अफसर साल भर सोए रहते हैं। होली के पहले उन्होंने अभियान शुरू किया लेकिन जांच के बजाय केवल व्यापारियों को एकत्रित करके मिलावट न करने की सलाह दे रहे हैं। बरईपार बाजार में मिठाइयों और पनीर में मिलावट की शिकायत लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी लेकिन विभाग ने नमूना लेने तक की जरूरत नहीं समझी। स्थानीय निवासी अनिल कुमार की शिकायत पर विभाग के लोग आए जरूर लेकिन नसीहत देकर चले गए। दुकानदारों को चेतावनी दी कि मिलावट पकड़ी गई तो कठोर कार्रवाई करेंगे ।