डेंगू से बचाव के लिए नगर के देवनगर में एंटीलार्वा का छिड़काव करते स्वास्थ्य कर्मी। स्वास्थ्य वि
जौनपुर। डेंगू से बचाव के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर में बनाए गए हॉट स्पॉट वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। जिन इलाकों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां आसपास के लोगों की भी जांच कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी निगरानी कर रही है। जिले में डेंगू के 9, मलेरिया के 18 मरीज मिले हैं। संक्रमण के आधार पर जिले में 147 और शहरी इलाके में 33 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि फीवर सर्वे, मच्छर प्रजनन स्रोतों का सर्वे, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर पेस्टिंग, पंफलेट वितरण, स्वास्थ्य शिक्षा, प्रचार प्रसार और जलभराव वाले स्थलों पर एंटीलार्वा रसायन छिड़काव कराया जा रहा है। असिथा क्षेत्र में 8 लोगों की मलेरिया, डेंगू की जांच कराई गई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।
डेंगू के हो सकते हैं यह लक्षण
डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया मच्छरों से फैलने वाले संक्रामक रोग हैं। इनमें बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी मितली, ठंडक लगना, शरीर पर चकत्ते आदि लक्षण दिखाई देते हैं। इस समय इन बीमारियों का संक्रमण काल चल रहा है। जिले में एलाइजा पुष्ट डेंगू के 9 मरीज, चिकनगुनिया के एक मरीज, मलेरिया के 18 मरीज रिपोर्टेड हैं।
संक्रमण से ऐसे करें बचाव
अपने घरों के आस पास साफ-सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें
जलभराव न होने दें, नालियों में कूड़ा कचरा न डालें
रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल डालें
एंटी लार्वा रसायन स्प्रे करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें
खुले बदन न सोएं, सोते समय मच्छरदानी लगाएं।