जौनपुर। शहर के विभिन्न क्वारंटीन सेंटरों में रखे गए 86 लोगों को छुट्टी दे दी गई। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद प्रशासन ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर तीन बसों से संबंधित जिलों में भेजा। वहीं बदलापुर से भी 31 लोगों को क्वारंटीन सेंटर से छुट्टी दी गई।
गैर प्रांतों से आए लोगों को शहर के मुहम्मद हसन इंटर कॉलेज, आईटीआई, मां दुर्गा सीनियर सेकेंड्री स्कूल सहित अन्य क्वारंटीन सेंटरों में रखा गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार उनकी निगरानी कर रही थीं। कई चरण की जांच के बाद भी कोरोना के लक्षण न दिखने पर बृहस्पतिवार को शासन की अनुमति के बाद 86 लोगों को तीन बसों में बैठाकर उनकी मंजिल तक भेजा गया। इसमें 59 लोग राजस्थान, 15 दिल्ली और 12 लोग मेरठ के निवासी हैं। इस दौरान सभी को सोशल डिस्टेंसिंग बनाने की अपील की गई। बदलापुर: क्वारंटीन में रखे गए 31 लोगों को प्रशासन ने बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी। उनके सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें क्वारंटीन सेंटर से छोड़ दिया गया। इसमें सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में रखे गए करनपुर गांव के सात और प्राथमिक विद्यालय फत्तूपुर में रखे गए 24 लोग शामिल हैं। इस दौरान एसडीएम अंजनी कुमार सिंह ने सभी को सोशल और फिजिकल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाते हुए लॉक डाउन का पालन करने का निर्देश दिया। करनपुर के सचिवालय में रखे गए 24 लोगों को भी छोड़ा गया है। इस मौके पर तहसीलदार अजय पांडेय, राजस्व निरीक्षक अनिल तिवारी आदि मौजूद रहे।