जौनपुर। आप्टिकल फाइबर कटने के कारण भारत संचार निगम लिमिटेड की लैंडलाइन, ब्राडबैंड और मोबाइल सेवाएं 30 घंटे से ठप हैं। इससे तीन लाख से अधिक उपभोक्ताओं के फोन बंद हैं। साथ ही बैकिंग, बीमा और सरकारी दफ्तरों की सेवाएं प्रभावित हैं। केबल आजमगढ़ के पास सड़क निर्माण के दौरान कट गई थी। बुधवार को देर शाम तक केबल जोड़कर मोबाइल की सेवा बहाल कर दी गई लेकिन लैंडलाइन और ब्राडबैंड सेवा शुरू नहीं हो पाई थी।
बीएसएनएल की ओफसी सर्किट आजमगढ़ की ओर से गुजरती है। आजमगढ़ के पास सड़क निर्माण के लिए खुदाई के दौरान आप्टिकल फाइबर केबल कट गई थी। इससे ब्राडबैंड, लैंडलाइन और मोबाइल सेवाएं ठप हो गईं। यह समस्या मंगलवार को सुबह से शुरू हुई। काफी देर तक फोन बंद रहने के बाद लोगों ने दूसरी कंपनी के मोबाइल से बीएसएनएल के नंबरों पर संपर्क करना शुरू किया तो वह भी काम नहीं कर रहे थे। दफ्तर जाने पर पता चला कि केबल कटने से यह समस्या पैदा हुई है। बुधवार को भी पूरे दिन यह सेवा बाधित रही। जिससे बैंकों में ब्राडबैंड सेवा ठप होने के चलते लेनदेन का काम प्रभावित हुआ। एलआईसी दफ्तर समेत कई सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। जिले में बीएसएनएल के करीब दो हजार लैंडलाइन और 1800 ब्राडबैंड कनेक्शन है। तीन लाख से अधिक मोबाइल उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं से विभाग को प्रतिदिन लाखों की आमदनी होती है। लेकिन सेवा बाधित होने के चलते दोदिनों में बीएसएनएल को राजस्व की क्षति हुई है। बीएसएनएल के डीटी गोपाल का कहना है कि आजमगढ़ में ओएफसी केबल कटने से समस्या उत्पन्न हुई थी। केबल की फाल्ट खोजकर जोड़ा जा रहा है। मोबाइल सेवा बहाल कर दी गई है। जल्द ही लैंडलाइन और ब्राडबैंड सेवा भी बहाल कर दी जाएगी।