सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर में स्थित जीएस वर्ड शिक्षण संस्थान द्वारा मंगलवार को नैतिकत व चरित्र निर्माण संगोष्ठी तथा मेघावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।जिसमें नैतिकता व चरित्र निर्माण व्याखान प्रतियोगिता में तृप्ति गुप्ता ने प्रथम, अभिषेक प्रजापति ने द्वितीय, विपिन यादव ने तृतीय व अक्षय कुमार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इनको शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि बीडीओ मुंगराबादशाहपुर जयेश सिंह व संस्था के डायरेक्टर सुनील यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
खंड विकास अधिकारी जयेश सिंह ने कहा कि आज के बिगड़ते माहौल में ज्ञानवर्धक शिक्षा के साथ बच्चों में नैतिक शिक्षा का समावेश कराना जरुरी है। यही चरित्र निर्माण की कुंजी है। विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने कहा कि चरित्र व नैतिकता से ही व्यक्ति की पहचान के साथ वह समाज का मार्ग दर्शक होता है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विजय कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए नैतिक शिक्षा मील का पत्थर है। इसके पहले दूर दराज से आए छात्र कवियों व संस्था के छात्र- छात्राओं में रितेश गुप्ता, सिद्धार्थ शर्मा, मंगलेश पांडेय, हर्षित प्रवाह, सचिन पांडेय, विवेक कुमार आदि ने धार्मिक, देश भक्ति, सामाजिक तथा शिक्षा से संबंधित गीतों को सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। पूजा व अंजना पटेल ने गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैरियर शिक्षण संस्थान के डायरेक्टर राकेश कुमार यादव तथा संचालन इलाहाबाद से आए कवि सिद्धार्थ शर्मा ने किया।