फोटो-20: बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में मतदान करने को कतार में खड़े अधिवक्ता। संवाद
- फोटो : 1
जौनपुर। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में दूसरे दिन जिला जज सुशील कुमार शशि पूरे दिन न्यायालय परिसर में भ्रमण करते रहे पीठासीन अधिकारी रणजीत कुमार व मुकीम अहमद की देखरेख में 2941 मतदाता अधिवक्ताओं ने मतदान किया। वहीं पहले दिन 1619 मत पड़े थे। दूसरे दिन अधिवक्ताओं ने जमकर मतदान किया। कुल मतदाता 5734 हैं। दोनों दिन में कुल मिलाकर 4560 मत पड़े। वोट का प्रतिशत 79.5 रहा। दीवानी न्यायालय की नई बिल्डिंग में 10 बजे से पांच बजे तक मतदान हुआ। पहले दिन की अपेक्षा दूसरे दिन अधिवक्ताओं की काफी ज्यादा भीड़ थी। वकीलों की लंबी कतारें लगी थीं। सीनियर अधिवक्ताओं और महिला अधिवक्ताओं के लिए दूसरी कतार लगाई गई थी। मतदाता वकीलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 95 बूथ बनाए गए। संख्या बढ़ने पर बूथ बढ़ाने की भी तैयारी थी। अन्य जिले के अधिवक्ताओं को भी प्रथम वरीयता के काफी मत पड़े। जौनपुर जिले के पांच प्रत्याशी मैदान में हैं। हर मतदाता वरीयता क्रम में 25 मत दे सकता है। दूसरे दिन भी इंटरनेट मीडिया पर लगातार अधिवक्ता अपील करते रहे कि यहां के प्रत्याशियों को प्रथम वरीयता का मत देने के बाद बाहर के अधिवक्ताओं को दिया जाए क्योंकि यहां से कोई भी अधिवक्ता आज तक बार काउंसिल का सदस्य नहीं बना, जबकि चुनाव में पूरे प्रदेश से 25 सदस्य चुने जाते हैं। जिले का प्रतिनिधित्व करने वाला कोई नहीं रहता। चुनाव के दौरान पुलिस फोर्स तैनात थी। कलेक्ट्रेट और तहसीलों के भी अधिवक्ता मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिए। वोटरों को रिझाने के लिए तमाम हथकंडे इस्तेमाल किए गए। गलत तरीकों का विरोध भी हुआ।