मीरगंज। जंघई जंक्शन से होकर मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस में तत्काल टिकट का 72 कोटा रेलवे ने कम कर दिया है। इसके कारण यात्रियों को कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। अचानक से अगर उन्हें यात्रा करनी पड़ी तो जनरल कोच में खड़े होकर यात्री करनी पड़ रही है या फिर उन्हें निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है। जंघई स्टेशन पर पहले कामायनी एक्सप्रेस में पहले 208 टिकट का तत्काल स्लीपर का कोटा था जो अब घट कर 136 कर दिया गया है। 72 सीटों का कोटा खत्म होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जंघई जंक्शन स्टेशन भदोही प्रयागराज की सीमा पर स्थित है। इस स्टेशन से होकर प्रतिदिन 16 जोड़ी ट्रेनें गुजरती हैं। रोज करीब तीन से 4000 यात्रियों का आवागमन होता है।
जंघई स्टेशन की सालाना आय 20 करोड़ रुपये है। यहां से वाराणसी प्रतापगढ़ प्रयागराज जौनपुर के लिए ट्रेनों के अदली बदली की सुविधा है। बलिया से चलकर कुर्ला टर्मिनल को जाने वाली 11072 कामायनी एक्स्प्रेस का जंघई स्टेशन पर पहले 208 टिकट का तत्काल का स्लीपर कोटा था जिसे अब घटा कर 136 कर दिया गया। इसके कारण जंघई जैसे बड़े जंक्शन पर यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। स्टेशन पर बदलापुर, जौनपुर, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, बरसठी, सुरियावां, दुर्गागंज तक के यात्री महानगरों की ओर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आते हैं।
.............................................
यात्रियों की प्रतिक्रिया
अलापुर जंघई निवासी विपुल सिंह, सवैया निवासी अशोक यादव, बाबा बंधवा बाजार निवासी मुकुंद सेठ, गोधना निवासी अखिलेश सिंह का कहना है कि जंघई से मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है। कामायनी एक्सप्रेस ही एक ऐसी ट्रेन थी जिसमें लोगों को आसानी से टिकट मिल जाता था, लेकिन बलिया तक दायरा बढ़ाए जाने वहीं अब तत्काल कोटा कम किए जाने के कारण रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहा है। हम लोगों को समस्याएं और बढ़ गई हैं।
.........................................
वर्जन
कामायनी एक्सप्रेस में एसी और जनरल की बोगी बढ़ने और स्लीपर की बोगी कम होने के कारण टिकट का कोटा कम किया गया है। अगर इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है तो उच्चाधिकारियों से यात्रियों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। परेशानी न हो विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
-कमलेश कुमार, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक (सीआरएस) जंघई स्टेशन