केराकत। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. विशाल यादव ने स्वास्थ्य टीम के साथ सोमवार को थानागद्दी बाजार में एक झोलाछाप के क्लीनिक पर छापे मारी करने पहुंचे। सूचना मिलते ही चिकित्सकों में खलबली मच गयी। कुछ चिकित्सक तो टीम के आते ही क्लीनिक बंद कर फरार हो गए। थानागद्दी बाजार में झोलाछाप चिकित्सक काफी दिनों से अपनी क्लीनिक खोलकर मरीजों का उपचार कर रहे थे। चिकित्सा अधीक्षक डा. विशाल यादव ने अपनी टीम के साथ क्लीनिक पर छापा मारा तो चिकित्सक पीछे के रास्ते फरार हो गए। छापे के दौरान क्लीनिक पर 5 मरीज भर्ती मिले। मौके पर एक कंपाउंडर मौजूद था। चिकित्सा अधीक्षक डा. विशाल यादव ने बताया कि एक नोटिस देकर तीन दिन के अंदर डिग्री सहित अन्य कागजात के साथ कार्यालय में आकर दिखाने को कहा गया है। यदि तीन दिन के भीतर कोई कागजात नहीं दिखाया गया तो चिकित्सक के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दिया जाएगा।