मुंगराबादशाहपुर। साउंड बाक्स लगाने को लेकर पुलिस और पब्लिक आमने सामने हो गई। बात बिगड़ते देख क्षेत्राधिकारी विजय सिंह के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। होली पर पुलिस प्रशासन डीजे न बजाने की हिदायत दे रखी थी । जिसके अनुपालन हेतु पुलिस की गश्त टीम जगह- जगह जांच कर रही थी। हालांकि पुलिस को कहीं भी डीजे बजता हुआ नहीं मिला। कुछ स्थानों पर बड़े-बड़े साउंड बाक्स लगे थे। जिस पर पुलिस ने आचार संहिता का हवाला देते हुए हटाने को कहा।
नईगंज मोहल्ले में पुलिस पहुंची तो वहां पर भी यही नजारा था। पुलिस की टीम ने बड़े बाक्स को हटाने को कहा जिस पर लोग राजी नहीं हुए। लोगों का कहना था यह डीजे नहीं है। लेकिन पुलिस ने बंद करा दिया।यह खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग नईगंज सभासद दीपू मोदनवाल के नेतृत्व में थाने पहुंच गए । थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा आचार संहिता व सरकारी फरमान का पालन कराया जा रहा है। लोग इस बात पर अड़े थे कि साउंड बाक्स डीजे नहीं है। इसे बजाने दिया जाए ।अगर बात नहीं मानी गई तो हम होली नहीं मनाएंगे। पुलिस और पब्लिक के बीज काफी देर बातचीत चलती रही ।लेकिन बात नही बनी । सीओ मछलीशहर विजय सिंह को जानकारी हुई तो उन्होंने फोन से लोगों से बात करते हुए कहा त्योहार आपका है। इसे खराब न करे । साउंड बाक्स नहीं हटाया जाएगा। बशर्ते कि आवाज तेज न हो। जिस पर लोग राजी हो गए।