जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सत्र 2018-19 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 12 मार्च से शुरू होगा। पहले दिन स्नातक के पत्रकारिता, सैन्य विज्ञान और राजनीति शास्त्र विषय का मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आठ मार्च से संकलन केंद्र से कापियां विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचनी शुरू हो जाएगी। 12 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हो जाएगा।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा. राजीव कुमार ने बताया कि मूल्यांकन के लिए सभी केंद्रों पर तैयारी कराई जा रही है। संकलन केंद्रों से कापियों को मूल्यांकन केंद्र तक पहुंचाने के लिए हर जिले में वाहन लगा दिए गए हैं। संकलन केंद्रों को निर्देश दिया गया है कि जिन विषयों की परीक्षा खत्म हो जाती है उस विषय की कापियों को विश्वविद्यालय परिसर में भेजवाएं। परीक्षकों को पत्र जारी कर दिया गया है। परीक्षा के साथ ही मूल्यांकन कार्य में चलता रहेगा। बाहर से आने वाले परीक्षकों को रहने के लिए शिक्षक अतिथि गृह में व्यवस्था की गई है, जबकि महिला शिक्षकों के लिए महिला छात्रावास में व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले परीक्षकों को किसी तरह की परेशानी न हो इसे देखते हुए तैयारी पूरी की जा रही है।