जौनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में मंगलवार को छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पहली पाली में हाईस्कूल के सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा में 96477 और इंटरमीडिएट के बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार की परीक्षा में 756 विद्यार्थी शामिल हुए। सख्ती के चलते 8498 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, राम मनोहर लोहिया इंटर कालेज में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक छात्र पकड़ा गया, जो पूछताछ के दौरान भाग निकला जबकि अलग-अलग केंद्रों पर तीन नकलची भी पकड़े गए। परीक्षा में अनियमितता बरतने पर एक कक्ष निरीक्षक को कार्य मुक्त कर दिया गया। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान राम मनोहर लोहिया इंटर कालेज, करौरा खेमपुर केंद्र पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते समय एक छात्र पकड़ लिया गया। केंद्र व्यवस्थापक जय प्रकाश यादव और निखिलेश तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आशीष पटेल के स्थान पर राहुल नामक छात्र परीक्षा देते पकड़ा गया है। राहुल को पूछताछ के लिए कक्ष से बाहर लाया गया था। उसी दौरान मौका पाकर वह फरार हो गया। कुछ देर के बाद आशीष पटेल परीक्षा केंद्र पर पहुंच गया, जिसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। साथ ही उसका रिस्टीकेशन कर दिया गया। श्री बजरंग इंटर कालेज घनश्यामपुर, राम बहाल इंटर कालेज काजीपुर, और श्रीकृष्ण बिहारी इंटर कालेज पेसारा केंद्र पर पहली पाली में परीक्षा के दौरान 1-1 छात्र नकल करते पकड़े गए। इंटर कालेज बड़ेरी परीक्षा केंद्र पर तैनात एक कक्ष निरीक्षक को अनियमितता बरतने पर कार्य मुक्त कर दिया गया है। हाईस्कूल सामान्य हिंदी में 104165 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें 95713 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 8452 ने परीक्षा छोड़ दी। इंटरमीडिएट बीमा की सिद्धांत एवं व्यवहार विषय की परीक्षा में 798 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 756 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुई जबकि 42 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, बरईपार क्षेत्र के राष्ट्रीय इंटर कालेज सिरसी में प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड न होने के कारण परीक्षा केंद्र पर घुसने नहीं दिया गया। अभिभावकों ने इसकी शिकायत डीआईओएस से दी। उनके हस्तक्षेप के बाद छात्र-छात्राओं को परीक्षा में शामिल कराया गया।