जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के कुढ़ा-रामपुर गांव के अखाड़े पर रविवार को आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती दंगल में हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के अलावा यूपी के कई जिलों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। कुश्ती दंगल का शुभारंभ मल्हनी के सपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव ने अखाड़े पर पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया।
गोरखपुर के पहलवान रिंकू और हरियाणा के पहलवान किशन सिंह के बीच कुश्ती का मुकाबला बेहद रोचक रहा। निर्धारित समय दस मिनट तक दोनों पहलवान अखाड़े पर एक दूसरे से जूझरे रहे लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। कुश्ती बराबरी पर छूटी तो दर्शकों के बीच से आवाज आने लगी कि समय बढ़ाया जाए। लोगों की मांग पर तीन मिनट का समय बढ़ाया गया। दो मिनट तीस सेकेंड में गोरखपुर के पहलवान रिंकू ने हरियाणा के किशन सिंह को आसमान दिखा दिया। पूरा परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। महिला पहलवानों में दिल्ली की पहलवान रंजीता ने गोरखपुर की पहलवान सालू को पटखनी दी जबकि पंजाब के पहलवान मनोज राठी ने गोरखपुर के पहलवान इंद्रजीत यादव को पटखनी दी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक पारसनाथ यादव ने कहा कि कुश्ती हमारे महबूब नेता मुलायम सिंह यादव का भी प्रिय खेल है। इस अवसर पर पूर्व सांसद तूफानी सरोज, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद यादव, सपा के जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव, भोला यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। संचालन श्याम नरायण बिंद ने किया। अंत में आयोजक प्रदीप यादव व व्यवस्थापक सभाजीत यादव ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।