मछलीशहर। नगर के विद्युत उपकेंद्र में संविदा पर तैनात लाइनमैन पांचवें दिन बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। इसके चलते बिजली आपूर्ति चरमरा गई है। कई गांवों में फाल्ट दुरुस्त न होने के कारण आपूर्ति ठप है। वहीं, लाइनमैनों ने उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। उन्होंने विभाग पर शोषण का आरोप लगाया। विद्युत उपकेंद्र पर सविंदा पर तैनात लाइनमैनों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण हमारी समस्याएं नहीं सुनी जा रही है। जिसके कारण पंद्रह दिसंबर से हड़ताल पर है। लाईनमैनों की हड़ताल से जमालपुर फीडर के पहसना, बरईपार फीडर के राजेपुर, चोरहा, जीरकपुर, धनौवां, कंधी तथा बंधवा फीडर के जमुहर गांव में लोकल फाल्ट की वजह से विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई है। लाइन मैनों की हड़ताल से फाल्ट ठीक नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की मगर विभाग फाल्ट ठीक नहीं करा पा रहा है। दो दिनों से इन गांव निवासी लोगों के घरों में अंधेरा छाया है। फसल की सिंचाई का काम बाधित है। विभाग के अवर अभियंता विकास यादव बताया कि लाइनमैनों की हड़ताल के कारण फाल्ट दुरुस्त करने में दिक्कत हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था कर फाल्ट ठीक कराए जा रहे हैं।