जौनपुर। जिले में बिजली चोरी के कारण ओवरलोडिंग की समस्याओं के चलते ट्रांसफाॅर्मर फुंक रहे हैं। जहां एक तरफ बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए बिजली निगम ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि कर रहा है। वहीं इसके बावजूद ओवरलोड की समस्या है। मार्च में ओवरलोड के कारण 65 ट्रांसफाॅर्मर जल चुके हैं।
इस समय बिजली चोरी करने वाले कटियामारों की भरमार हो गई है। इस पर बिजली निगम अंकुश नहीं लग पा रहा है। ट्रांसफाॅर्मर पर ओवरलोड के कारण तीन से चार गुना लोड ज्यादा बढ़ गया है, जिससे ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं।
मार्च में फुंकने वाले कुल ट्रांसफार्मरों की संख्या 65 है। इनमें सबसे अधिक 10 व 25 केवीए की क्षमता वाले हैं। एक माह में करीब 65 ट्रांसफाॅर्मर बदले गए। ट्रांसफाॅर्मर जलने से आम जनता को बिजली की ट्रिपिंग की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली की चोरी के मामले ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक हैं। लोग दिखाने के लिए केवल एक किलोवाट का कनेक्शन लिए हैं लेकिन घरेलू कनेक्शन की आड़ में काॅमर्शियल के लिए बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। निगम के बड़े अधिकारियों की तरफ से ट्रांसफाॅर्मर में प्रोटेक्शन यूनिट लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं किंतु निर्देशों की अनदेखी के चलते यह समस्या बनी हुई है।
...........................................
वर्जन-
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता वृद्धि अधिक हुई है। इससे ट्रांसफाॅर्मर कम संख्या में जल रहे हैं। गर्मी में बिजली कटौती की समस्या से निपटने के लिए बिजली निगम पूरी तरह से तैयार है।
-जन्मेजय साहू एसडीओ ट्रांसफार्मर जौनपुर।