जौनपुर। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में खुले कंट्रोल रूम में आई शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं हो पा रहा है। जबकि अब तक आई शिकायतों में सबसे अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों का स्थानांतरण करने और वोटर आईडी नहीं मिलने की शिकायतें आई हैं। कट्रोल रूम में 23 दिनों में कुल 1208 शिकायतें आई है। जिसमें से 1085 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। लेकिन अभी भी 123 शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाया है।
जिले के दो लोकसभा जौनपुर व मछलीशहर सीट के लिए चुनाव होना है। चुनाव से संबंधित शिकायत करने के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद जिला प्रशासन ने 19 मार्च को कलेक्ट्रेट सभागार में स्थित डूडा कार्यालय के बगल में कंट्रोल रुम खोल दिया गया। कंट्रोल रुम खुलने के बाद से शिकायतों का आना शुरु हो गया। अब तक कुल 1208 शिकायतें आ चुकी हैं। जिसमें आचार संहिता से संबंधित10 व सामान्य से संबंधित 904 शिकायतें आई हैं। वहीें निर्वाचन आयोग से 292 शिकायतें आई हैं। यह ऐसी शिकायतें हैं जिसे लोगों ने चुनाव आयोग से की हैं। सीएचसी मछलीशहर के अधीक्षक डा. रफीक फारुखी व वित्त लेखाधिकारी बीएसए नंदराम कुरील आदि का स्थानांतरण करने की शकायतें आई हैं। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के गौरव कुमार पांडेय और मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र के हरिओम शुक्ला ने मतदाता पहचान पत्र नहीं मिलने की शिकायत की है। इन शिकायतों को सहायक रिटर्निंग आफिसर को निस्तारण करने के लिए दिया जा रहा है। लेकिन कंट्रोल रूम में अभी तक आए सभी शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं हो पा रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि छह आचार संहिता,844 सामान्य और 235 निर्वाचन आयोग से आई शिकायतों का निस्तारण किया गया है।
123 शिकायतें शेष बची हैं। जिसको निस्तारित करने का कार्य सहायक रिटर्निंग आफिसर को दे दिया गया है। उनके द्वारा शीघ्र ही शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाएगा।
कुलदीप सिंह
नोडल अधिकारी, कंट्रेाल रूम